देवबंद (सहारनपुर)। घर से फरार हुए प्रेमी युगल से पूछताछ कर रही पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पता चला कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हुआ है। चिकित्सकों ने नाजुक हालत के चलते प्रेमी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर देवबंद पहुंची एसपी देहात ने मामले की जानकारी ली।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक-युवती के बीच पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिनों पूर्व परिजनों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने दोनों को डांट दिया। जिसके चलते वह दोनों घर से फरार हो गए। इस मामले में युवती के परिजनों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई हुई थी। जिस पर पुलिस ने युवक के भाई को हिरासत में लिया हुआ था। पुलिस तभी से दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने नगर से प्रेमी युगल को बरामद कर लिया और उन्हें कोतवाली ले आई। जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी कि अचानक उनकी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोशी की हालत में पहुंच गए। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। तुरंत ही पुलिस ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। आशंका जताई कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। इस दौरान चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते प्रेमी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान सूचना मिलने पर एसपी देहात विद्या सागर मिश्र भी सीएचसी पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खुद निगला या फिर उन्हें किसी ने जबरन या धोखे से खिलाया है इसके बारे में पुलिस कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। इंस्पेक्टर आनंद मिश्र का कहना है कि दोनों के परिवारों से पूछताछ की जा रही है।