तितावी (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के लड़वा निवासी मंजीत और बघरा निवासी डोली ने मंगलवार को तितावी थाना परिसर स्थित मंदिर में शादी कर ली। यह विवाह पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों की सहमति से संपन्न हुआ। दोनों अलग-अलग जाति से हैं।
प्रेम-प्रसंग के चलते मंगलवार सुबह डोली मंजीत के घर पहुंची थी और उसने उससे शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद युवक के माता-पिता दोनों को लेकर तितावी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने डोली के माता-पिता को भी सूचना देकर थाने बुलाया। इस दौरान कई घंटे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। हालांकि डोली मंजीत से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। अंतत दोनों परिवारों के बीच इस विवाह पर सहमति बन गई। इसके बाद थाना परिसर स्थित मंदिर में पुलिस की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। थानाध्यक्ष जयवीर चौधरी ने बताया कि मंजीत और डोली दोनों बालिग हैं और दोनों के परिवारों की सहमति से उनका विवाह किया गया है।
इनसेट
बघरा में हुई थी दोनों की मुलाकात
लड़वा निवासी मंजीत हरिद्वार की एक कंपनी में नौकरी करता है। घर आते-जाते समय वह अक्सर बघरा के पुराने बस स्टैंड वाले रास्ते से गुजरता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात बघरा निवासी डोली से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उन्होंने एक-दूसरे को मोबाइल नंबर दिए। धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ीं और वे प्रेम संबंध में आ गए।
इनसेट
मंजीत के साथ घर से चली गई थी डोली
करीब पांच महीने पहले डोली अपने घर से चली गई थी। इस मामले में डोली के पिता किरणपाल ने 31 मई को तितावी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। करीब आठ दिन बाद डोली और मंजीत वापस लौट आए थे। उस समय ग्रामीणों ने आपसी सहमति से यह मामला सुलझाया था और दोनों को उनके घर भेज दिया था।