लूटे गए मोबाइल फोन घर के अंदर बाल्टी में पड़े मिले
खतौली (मुजफ्फरनगर)। व्यापारियों के मकान में घुसकर मंगलवार रात परिवार के सदस्यों से लूटे गए मोबाइल मकान के अंदर ही बाल्टी में गिराकर बदमाश फरार हो गए थे। पुलिस ने मकान के अंदर से ही लूटे गए मोबाइल बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने लूट की वारदात को लेकर परिवार के लोगों से घंटों पूछताछ भी की। पुलिस ने बदमाशों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस का मानना है कि मोबाइल विक्रेताओं के मकान में वारदात तो हुई, लेकिन कितना माल गया है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
मोहल्ला होली चौक पक्का बाग निवासी हनी एवं मनी दोनों भाइयों की अशोका मार्केट में मोबाइल की दुकान है। मंगलवार रात बदमाशों ने व्यापारियों के मकान में घुसकर हजारों रुपयों की नकदी, महिलाओं की सोने की दो अंगूठी और परिवार के सभी सदस्यों से पांच मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने वारदात स्थल का मुआयना किया तो लूटे गए पांचों मोबाइल फोन मकान के अंदर ही बाल्टी में पड़े मिले। पुलिस ने मोबाइलों को बरामद कर लिया है। बुधवार को इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने पुलिस बल के साथ व्यापारी एवं उनके परिजनों से वारदात को लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने परिवार के किसी भी सदस्यों का धमकी नहीं दी और कमरे में बैठे रहने को कहते रहे। पुलिस का कहना है कि परिवार के लोगों के मुताबिक बदमाश 20 हजार रुपये की नकदी, सोने की दो अंगूठी और पांच मोबाइल फोन लूटे। पुलिस ने मकान में जांच पड़ताल की तो, लूटे गए मोबाइल बाल्टी में पड़े मिले। पुलिस ने इन मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला। पुलिस का दावा है कि शीघ्र बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
व्यापारी के मकान में फिंगर प्रिंट टीम ने सुबूत जुटाए
खतौली। मोबाइल फोन व्यापारी हनी और मनी के मकान में बदमाशों द्वारा की गई लूट की घटना के खुलासा को लेकर फिंगर प्रिंट टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की और सुबूत जुटाए। व्यापारी मनी अरोड़ा भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष भी है। इनका तीसरा भाई पुनीत अरोड़ा भी है। तीनों भाई एक ही मकान में रहते हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगवाने की हिदायत दी
खतौली। मोबाइल व्यापारी व भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष मनी अरोड़ा के मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे होते तो बदमाशों का अब तक पता चल जाता। इसके अलावा व्यापारी के मोहल्ले में किसी के मकान में सीसीटीवी नहीं लगे हुए हैं। बुधवार को व्यापारी के परिजनों से पूछताछ करने पहुंची पुलिस ने मोहल्ले के लोगों को अपने मकानों में सुरक्षा की दृष्टि से बचाव के लिए सीसीटीवी लगवाने की हिदायत दी।