लावारिस गोवंश से बचने के प्रयास में गई जान
तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव करवाड़ा में लावारिस गोवंश से बचकर भागते हुए अधेड़ किसान जंगल में स्थित 30 फुट गहरे कुएं में गिर गया। जब तक ग्रामीण उसे निकालते, अधेड़ की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव करवाड़ा निवासी विजय कुमार (50) गांव में ही खेती-बाड़ी करते थे। बुधवार शाम करीब चार बजे वे खेतों पर घूमने के लिए गए थे। परिजनों के अनुसार वहां एक लावारिस गोवंश उन्हें टक्कर मारने के लिए पीछे दौड़ पड़ा। गोवंश से बचने के लिए भागते समय विजय कुमार अचानक पैर फिसलने से जंगल में ही स्थित करीब 30 फुट गहरे सूखे कुएं में जा गिरे। पास ही स्थित खेत में काम कर रहे ग्रामीण की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जब तक किसान को कुएं से बाहर निकाला, उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और किसान के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। किसान की मौत से गांव में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से लावारिस गोवंशों को पकड़कर गोशाला में छुड़वाए जाने की मांग की है।