ग्राम सचिव के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मुजफ्फरनगर। गांव खेड़ी दूधाधारी में 27 दिसंबर 2020 को हुई ग्राम सचिव अर्जुन देशवाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीड़ित परिजनों ने पुलिस ऑफिस पर प्रदर्शन किया। वहीं, दो हत्यारोपियों पर फर्जी क्रास केस दर्ज कराने का भी आरोप लगाया गया।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी दूधाधारी निवासी ग्राम सचिव अर्जुन देशवाल की 27 दिसंबर को मामूली विवाद के चलते हत्या कर दी गई थी। मामले में विनोद, सुमित, कपिल, अंकित, प्रवेंद्र और विरेंद्र उर्फ बिल्लू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इनमें से दो आरोपी कपिल व विरेंद्र उर्फ बिल्लू अब तक फरार चल रहे हैं। ग्राम सचिव के परिजनों ने बुधवार को ग्रामीणों के साथ पुलिस ऑफिस पर प्रदर्शन किया। अर्जुन देशवाल के चाचा राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भतीजे की हत्या में शामिल उक्त दोनों आरोपी अब तक फरार हैं, जिनके खिलाफ अब तक किसी भी तरह की कुर्की कार्रवाई भी नहीं की गई है। वहीं, पीड़ित राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि दो अन्य हत्यारोपियों विनोद व अंकित ने 21 जनवरी 2021 को उन पर दबाव बनाने के लिए फर्जी चोटों का मेडिकल कराते हुए तितावी थाने में फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। पीड़ित परिजनों ने फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही उक्त फर्जी मुकदमा भी खत्म कराए जाने की मांग की है।