सड़क पर बेवजह घूमने वालों पर लाठियां फटकारी
जानसठ/मोरना। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते रविवार को क्षेत्र के बाजारों की दुकानें पूरी तरह से बंद रही। जानसठ कस्बे में बाजार बंद रहे। कस्बे में सड़कों पर बेवजह घूमने वालों को पुलिस ने लाठियां फटकार करके उनके घर भेजा। दिनभर सीओ शकील अहमद व इंस्पेक्टर डीके त्यागी पुलिस बल के साथ सड़कों पर गश्त करते रहे।
सीओ ने लोगों को हिदायत देते हुए कहा कि वे शनिवार और रविवार को अपने घरों में ही रहे। घरों के अंदर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इस दौरान पुलिस ने बेवजह बाइकों पर घूमने वाले लोगों के चालक भी काटे। उधर, सीओ भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक दीपक चतुर्वेदी व थानाध्यक्ष ककरौली मुकेश सोलंकी ने अपने अपने क्षेत्र में पुलिस की चार-चार टीमें बनाकर मोरना-भोपा ककरौली व बेहडा सादात आदि क्षेत्र में गश्त किया। जहां पर सड़कों पर बेवजह घूमने वालों को पुलिस ने सख्ती करते हुए उन्हें नियमों का पालन करने की हिदायत दी। पुलिस टीम ने माइक के माध्यम से लोगों को घरों में रहने की अपील की। गंगनहर पटरी भी हरिद्वार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के वाहन बंद रहे, जिसके चलते गंगनहर पटरी दिन भर सूनी पड़ी रही।