एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनवाने वालों की लगी भीड़।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रोड टैक्स पर देना पड़ा रहा विलंब शुल्क
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन में रुके पड़े कार्यों के बाद अब एआरटीओ कार्यालय में भीड़ बढ़ने लगी है। लाइसेंस बनवाने के लिए मारामारी मची है जबकि रोड टैक्स पर विलंब शुल्क भी देना पड़ रहा है। लॉकडाउन में टैक्स जमा नहीं कर पाए लोगों पर यह दोहरी मार है। एक तो उनके वाहन नहीं चलने से आमदनी बंद रहीं, अब उन्हें पेनल्टी भी देनी पड़ रही है।
लॉकडाउन के दौरान अन्य कार्यालयों के साथ एआरटीओ कार्यालय भी बंद रहा। इस दौरान लाइसेंस बनाने एवं नवीनीकरण के साथ ही वाहनों की फिटनेस, रोड टैक्स आदि काम नहीं हुए। तीन महीने से लंबित पड़े कार्यों को अब किया जा रहा है। इसके चलते कार्यालय में भारी भीड़ जुट रही है। परेशानी के साथ ही वाहन स्वामियों को आर्थिक हानि भी उठानी पड़ रही है। रोड टैक्स जमा करने पर पांच प्रतिशत प्रतिमाह की दर से पेनल्टी जमा कराई जा रही है। बस मालिक प्रमोद कुमार ने बताया कि लॉकडाउन में उनकी बस चली नहीं। अब रोड टैक्स जमा करने में पेनल्टी देनी पड़ रही है। 15 हजार के रोड टैक्स पर करीब साढ़े पांच हजार रुपये पेनल्टी जमा की है। अन्य वाहन स्वामियों को भी इसी तरह नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन लॉकडाउन के बावजूद पेनल्टी में छूट नहीं दी गई। उधर, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए रोजाना कार्यालय में जबर्दस्त भीड़ जुट रही है। प्रतिदिन लगभग 60 लर्निंग और 300 परमानेंट लाइसेंस बनाए जा रहे हैं जबकि 100 लाइसेंस का नवीनीकरण किया जा रहा है।