खतौली (मुजफ्फरनगर)। छह बहनों के इकलौते भाई बिहारीपुर गांव के अक्षय (23) का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। हत्या से नाराज ग्रामीणों ने खतौली थाने पहुंचकर एसपी सिटी अमृत जैन से मुलाकात की और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग रखी। पुलिस प्रकरण का बुधवार को खुलासा कर सकती है।
मेरठ से पोस्टमार्टम के बाद शव बिहारीपुर पहुंचा तो गम का माहौल बन गया। इसके बाद गमगीन माहौल में ही अंतिम संस्कार किया गया। पिता दिलीप की करीब आठ वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। वह अकेला ही परिवार का एकमात्र सहारा था। अक्षय की मौत से उसकी मां मिथलेश और उसकी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दौरान गांव में पुलिसबल तैनात रहा। मंगलवार को अक्षय के परिजन चमन सिंह, मामचंद प्रधान, मंशाराम, मनोज कुमार, जगतपाल, सुभाष, पिंकू थाने पहुंचे और हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की।
एसपी सिटी ने ग्रामीणों को बताया कि दो युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
पुलिस ने दर्ज की थी जानलेवा हमले की प्राथमिकी
पुलिस ने सोमवार रात ही अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सीओ खतौली रुपाली रॉय चौधरी ने बताया कि मृतक के मौसेरे भाई गांव बिहारीपुर निवासी राहुल की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। अक्षय की मेरठ में उचार के दौरान मौत हो गई। अभियोग को हत्या की धाराओं में बदला जाएगा।
-
केस-1
इसी साल 31 मई को शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में 21 वर्षीय अदीबा की उसके भाई आमिर ने छुरी से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि अदीबा मोबाइल पर किसी युवक से बात करती थी, परिवार के लोग इस बात पर उसे कई बार डपट चुके थे।
-
केस-2
प्रेमी के पिता की गोली मारकर हत्या
पिछले महीने ही किनौनी गांव में चौकीदार सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुभाष का बेटा गांव की ही युवती को लेकर चला गया था। इस बात से नाराज होकर युवती पक्ष के हमलावरों ने सुभाष की पीनना गांव के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी।
-