भोकरहेड़ी में लाखों की चोरी, चोर दबोचा
मोरना। भोकरहेड़ी में मीडियाकर्मी के घर में घुसे बदमाशों ने अलमारी के ताले तोड़कर लाखों की नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। आहट होने पर नींद से जागे परिजनों ने एक चोर सुहेब को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य फरार हो गए। वहीं, गांव यूसुफपुर में भी बदमाशों ने एक दुकान के ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया।
भोकरहेड़ी के मोहल्ला सुभाष चौक निवासी मीडियाकर्मी नूर मोहम्मद ने तहरीर देकर बताया कि वह सोमवार रात परिजनों के साथ घर में सोया था। मंगलवार तड़के करीब 2.30 बजे कुछ चोर उसके घर में घुस गए और भाई खुर्शीद के कमरे में रखी अलमारी तोड़कर उसमें से करीब ढाई लाख की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसी दौरान आहट होने पर नूर मोहम्मद व अन्य परिजनों की नींद खुल गई। घर में बदमाश देख उन्होंने शोर मचा दिया। परिजनों ने मौके से भाग रहे चोरों का पीछा कर एक चोर को दबोच लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए चोर को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान भोकरहेड़ी के ही सुहेब के रूप में हुई, जिसके साथियों को भी चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उधर, थाना क्षेत्र के गांव यूसुफपुर में मोरना मार्ग पर स्थित टायर पंक्चर की दुकान में चोरों ने सेंध लगाकर दो जैक, बोगी के टायर-ट्यूब व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
महिला घर से नकदी-जेवरात चोरी
पुरकाजी। खादर क्षेत्र के गांव रजगल्लापुर निवासी महिला प्रवेश देवी ने तहरीर देकर बताया कि 12 जून की रात चोरों ने उसके घर से दस हजार की नकदी व करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़िता ने चोरी में गांव के ही एक युवक पर शक जताया है, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।