खतौली के अशोक विहार में चोरों द्वारा खंगाले गए मकान में बिखरा हुआ सामान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
व्यापारी और बैंक कर्मी के घर लाखों की चोरी
मुजफ्फरनगर, खतौली। मोहल्ला अशोक विहार स्थित दो बंद मकानों के ताले तोड़कर बदमाशों ने नगदी-जेवरात समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। एक साथ चोरी की दो घटनाओं से लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है। व्यापारी और बैंक कर्मचारी के घर चोरी से मोहल्ले के लोगों में दहशत व्याप्त है।
कस्बे की पॉश कॉलोनियों में शुमार अशोक विहार के एफ ब्लॉक निवासी संदीप ने घर में ही कपड़े की दुकान की हुई है। रविवार को वह घर में ताला लगाकर ससुराल गया था। रविवार की देर रात बदमाशों ने घर के ताले तोड़कर पूरा घर खंगालते हुए करीब एक लाख की नगदी व लाखों कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सोमवार सुबह घर के ताले टूटे देख पड़ोसी ने संदीप को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे परिवार समेत घर लौटे और पुलिस को घटना की सूचना दी। उधर, एफ ब्लॉक में ही रहने वाले बैंक कर्मचारी शिवकुमार के बंद मकान के भी ताले तोड़कर हजारों की नगदी के साथ ही सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। शिवकुमार परिवार के साथ मेरठ गए हुए थे, जहां से वे सोमवार सुबह लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। एक साथ दो मकानों में चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, दो घरों में चोरी की घटनाओं से मोहल्ले के लोगों में रोष व्याप्त है। अशोक विहार समिति के अध्यक्ष सुधीश पुंडीर ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किए जाने की मांग की। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने इसके लिए कॉलोनी में बेवजह घूमने वाले लोगों पर शक जताते हुए मोहल्ले में उनकी एंट्री प्रतिबंधित किए जाने की मांग की।