मुजफ्फरनगर। कूकड़ा के ग्रामीणों ने एसएसपी दफ्तर पर हंगामा कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सिविल लाइन पुलिस ने बीडी व्यापारी प्रदीप गर्ग से लूट और हत्या के मामले में गांव के तीन निर्दोष युवकों को फंसाकर जेल भेज दिया। सीओ ने यह भरोसा देकर शांत किया कि यदि युवक निर्दोष है तो उनको रिहा किया जाएगा।
नईमंडी के पटेलनगर निवासी बीडी के थोक व्यापारी प्रदीप गर्ग की 17 अगस्त को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर 1.70 लाख रुपये कर लूट की थी। मृतक व्यापारी प्रदीप के पुत्र अंकित ने सिविल लाइन थाने में अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने विगत दिनों वारदात का खुलासा करते हुए कूकड़ा गांव निवासी आदित्य उर्फ जोनी, शुभम और मोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
शनिवार को कूकड़ा के ग्रामीणों ने युवकों के परिजनों के साथ एसएसपी दफ्तर पर पहुंचकर हंगामा कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पुलिस ने तीन निर्दोष युवकों को हत्या और लूट के मामले में फंसाकर जेल भेजा है।
कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कराकर निर्दोष युवकों को रिहा नहीं किया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा। सीओ सिटी तेजवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच कराने और जांच में युवकों के निर्दोष पाए जाने पर रिहाई कराने का आश्वासन देकर शांत किया। मौके पर हरपाल, महेंद्र, प्रेम सिंह, रतन, सुरेंद्र, रमेश, जयप्रकाश, सुदेश, जयवंती, अमरेश, कविता, मुन्नी आदि ग्रामीण शामिल रहे।