कोविड मरीजों का प्रतिदिन 6400 रुपये में होगा उपचार
मुजफ्फरनगर। जिले के चारों निजी कोविड हॉस्पिटल में जिला प्रशासन ने शासन से निर्धारित फीस की सूची चस्पा कर दी है। निर्धारित दरों से अधिक लेने पर सीधे कार्रवाई होगी। इसी के साथ चारों हॉस्पिटल को कोविड कंट्रोल रूम से लिंक कर दिया गया है। हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं को कंट्रोल रूम से सीधा देखा जा सकता है।
एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि शहर के चारों निजी कोविड हॉस्पिटल के रिसेप्शन पर शासन ने निर्धारित फीस की प्रति चस्पा कर दी गई है। अब कोई भी हॉस्पिटल निर्धारित से ज्यादा पैसा लेगा तो सीधे कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के नॉन आईसीयू मरीजों से निजी हॉस्पिटल में केवल 6400 रुपये प्रतिदिन ही लिए जा सकेंगे। इस धनराशि में कंसल्टेशन, ऑक्सीजन, नर्सिंग केयर, पीपीई किट, कोरोना किट, ब्लड की सीबीसी जांच का चार्ज भी शामिल है।
कोविड-19 के आईसीयू में भर्ती मरीज के लिए 10 हजार 400 रुपये एक दिन में लिए जा सकते हैं। इसके चिकित्सक के परामर्श से लेकर दवा, एक्स-रे, नर्सिंग केयर आदि सभी शामिल हैं। कोविड-19 के लिए मरीज के लिए बाईपेप एवं वेंटिलेटर चार्ज के रूप में एक दिन में 12 हजार रुपये ले सकते हैं। इन 12 हजार में हॉस्पिटल का ऑक्सजीन चार्ज, कंसल्टेशन चार्ज, नर्सिंग केयर चार्ज, पीपीई किट चार्ज, कोरोना मेडिसिन किट चार्ज, बेसिक ब्लड इंवेस्टीकेशन चार्ज, एक्स-रे चार्ज, मॉनिटरिंग चार्ज शामिल है। अधिक चार्ज लिए जाने पर सीधे कंट्रोल रूम में शिकायत की जा सकती है।