जनपद में ब्लैक फंगस के अब तक छह मामले
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस के साथ ही ब्लैक फंगस की उपस्थिति जनपद में बढ़ती जा रही है। अब तक जिले में ब्लैक फंगस से पीड़ित छह मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें एक की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य का उपचार बाहरी जनपदों में चल रहा है। वहीं, पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में ब्लैक फंगस के सहारनपुर निवासी दो मरीज उपचार के लिए पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ रेफर किया गया है।
कोरोना संक्रमण के साथ ही ब्लैक फंगस का भी खतरा जनपद पर मंडराने लगा है। अब तक जिले में ब्लैक फंगस के केवल छह मरीज ही सामने आए हैं। इनमें से भी चार मरीज ऐसे हैं, जो मूल निवासी मुजफ्फरनगर के हैं, लेकिन लंबे समय से जिले से बाहर रह रहे थे। इन चारों मरीजों का उपचार भी जिले से बाहर ही चल रहा है, लेकिन मूल निवासी जिले के होने के कारण वे यहां दर्ज हुए हैं। सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि जिले में अब तक ब्लैक फंगस के छह मामले दर्ज हुए हैं, लेकिन अपने यहां से केवल दो ही मामले ब्लैक फंगस के सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज मोहल्ला आर्यपुरी स्थित निजी कोविड सेंटर से आया था, जिसे मेरठ रेफर किया गया था, लेकिन वहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, दूसरा मरीज बेगराजपुर कोविड अस्पताल से मिला था, जिसे मेरठ रेफर किया गया है। सीएमओ ने बताया कि पिछले 24 घंटे की अवधि में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार के लिए ब्लैक फंगस के दो मरीज पहुंचे हैं, लेकिन वे दोनों ही जनपद सहारनपुर के रहने वाले हैं। इनमें से एक महिला मरीज भी है। इन दोनों ही मरीजों को मेरठ रेफर किया जा चुका है। इन दोनों को जिले के बजाय सहारनपुर जनपद में अंकित किया जाएगा।