आज से कोविड-19 टीकाकरण का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। जनपद में शनिवार से कोविड-19 वैक्सीनेशन का शुभारंभ होगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। पहले चरण में खतौली, जानसठ, चरथावल अैर मखियाली सीएचसी पर 400 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा में वैक्सीन को चारों सीएचसी पर भेज दिया गया।
सीएमओ डा. प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि शनिवार से सीएचसी जानसठ, सीएचसी मखियाली, सीएचसी खतौली एवं सीएचसी चरथावल में कोविड वैक्सीनेशन का आरंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रात: नौ बजे से लेकर सायं पांच बजे तक वैक्सीनेशन का कार्य किया जाएगा। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर 100 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। शुक्रवार को वाहन द्वारा पुलिस सुरक्षा में वैक्सीन को चारों स्थानों के लिए रवाना कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि शनिवार का जिनको वैक्सीन की पहली डोज दी जाएगी, उन्हें 28 दिन बाद वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिनको पहली डोज दी जाएगी, उन्हें अपने को कोरोना से बचाव के लिए पहले की तरह पूरा ध्यान रखना है। उन्हें मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी का उचित ढंग से पालन करना है, क्योंकि जब तक वैक्सीन की दूसरी डोज ना दे दी जाए, तब तक कोरोनावायरस से बचाव से ध्यान रखना होगा। सीएमओ ने वैक्सीन वाहनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर एसीएमओ डा. एसके अग्रवाल, एसीएमओ डा. वीके सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. राजीव निगम, डॉ घनश्याम, डा. अरविंद पंवार, डा. ईशा गोयल, डा. गीतांजलि वर्मा, प्रदीप शर्मा, अभिषेक जैन, भूपेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
-कोरोना का पहला केस---8 अप्रैल 2020 को सिसौली की महिला में मिला
- अब तक कोरोना के केस--8407
- कोरोना से ठीक हुए मरीज- 8058
- कोरोना के सर्वाधिक केस- सितंबर में 2712
- कोरोना से हो चुकी मौत-112
पुलिस सुरक्षा में पहुंची कोविड वैक्सीन
खतौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पुलिस सुरक्षा में कोविड़-19 की वैक्सीन पहुंच गई। वैक्सीन को निर्धारित स्थान पर रखा गया, जिसकी सुरक्षा में एक शिफ्ट में एक दरोगा और दो सिपाहियों की डयूटी लगाई गई है। वैक्सीन आने के बाद ब्लाक प्रभारी के साथ सीओ व कोतवाल ने इसका निरीक्षण किया। शनिवार से टीकाकरण होगा। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी।
ब्लाक प्रभारी डा. एके सिंह ने बताया कि पुलिस सुरक्षा में कोविड-19 वैक्सीन पहुंच गई है। कोविड-19 आईएलआर में दो से लेकर आठ डिग्री तापमान पर इसे रखा जाएगा। एक अतिरिक्त आईएलआर भी रखा गया है, यदि पहले में कोई परेशानी आ जाती है तो वैक्सीन को दूसरे में रखा जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से दो सीसीटीवी कैमरे, एक शिफ्ट में एक दरोगा, दो सिपाही लगाए गए हैं। पार्टल के माध्यम से ही 100 स्वास्थ्यकर्मियों का चयन हुआ है। सुविधा की दृष्टि से 25-25 लोगों के चार ग्रुप बनाए गए हैं, जिन्हें अलग-अलग समय पर बुलाकर टीकाकरण किया जाएगा। वैक्सीन जहां रखी गई है, वहां अलग पुलिस टीम लगी रहेगी। टीकाकरण के बाद तीस मिनट तक बैठाकर रखा जाएगा। यदि कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तब उसके लिए टीम तैयार रहेगी। टीकाकरण से पहले टीका लगाने वाले व्यक्ति की आईडी पुलिस चेक करेगी। जब वह टीका लगवाने के लिए पहुंचेगा, तो उसका नाम पोर्टल के माध्यम से सलेक्ट की गई सूची से मिलान किया जाएगा। उसके बाद ही टीकाकरण किया जाएगा।
खतौली में वैक्सीन पहुंचने पर उसकी जांच करते हुए ब्लाक प्रभारी डॉ एके सिंह।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली में अस्पताल में पहुंची वैक्सीन के रखरखाव का जांच करते हुए सीओ, कोतवाल।- फोटो : MUZAFFARNAGAR