जिले में दस्तक अभियान शुरू, रैली निकाली
मुजफ्फरनगर। जनपद में बुधवार को दस्तक अभियान का शुभारंभ हुआ। जिला चिकित्सालय से ई-रिक्शा रैली को सीएमओ डॉ. एसके अग्रवाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
अभियान में विभिन्न विभागों के सहयोग से जन समुदाय में संचारी रोगों मलेरिया, डेंगू, चिकन गुनिया एवं अन्य संक्रामक बीमारी से बचाव एवं नियंत्रण के बारे में जागरूक किया गया। सीएमओ ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत दिमागी बुखार और संचारी रोगों की रोकथाम की जाएगी। 24 मार्च तक दस्तक अभियान चलेगा। 31 मार्च तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान में घर-घर जाकर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने, मच्छरों से बचाव आदि के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि नगरपालिका, नगर पंचायत गांव और शहरों में लोगों को जागरूक किया जाएगा। जनमानस में बीमारी से बचाव के लिए सोते समय मच्छरदानी के प्रयोग करने के लिए प्रचार प्रसार किया जाना इसी अभियान का हिस्सा है। डॉ. गीतांजलि वर्मा ने बताया कि दस्तक अभियान जनपद में वृहद स्तर पर चलाया जाएगा। आशा कार्यकर्ता रोगियों की दैनिक रिपोर्ट तैयार करके विभाग को सौंपेंगी।