मुजफ्फरनगर। कई माह से किराया नहीं देने पर मकान मालिक ने महिला को चार बच्चों सहित पूरे दिन कमरे में बंधक बनाए रखा। आरोपी ने महिला के कमरे का बाहर से ताला लगा दिया। पूरा परिवार दिनभर भूखा-प्यासा बंद पड़ा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार को बाहर निकलवाया। पीड़िता ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।
शहर कोतवाली के खालापार निवासी महिला का पति बाहर नौकरी करता है। चार माह से पीड़िता ने मकान मालिक का किराया नहीं दिया है। आरोप है कि मकान मालिक ने शुक्रवार को किराएदार महिला को उसके चार बच्चों सहित कमरे में बंद कर दिया। उसने कमरे को बाहर से ताला लगा दिया। किराएदार का आरोप है कि उन्हें बंधक बनाकर पूरा दिन भूखा प्यासा रखा गया।
किसी ने डायल-100 पर सूचना दी तो पुलिस ने महिला और बच्चे को कमरे से निकाला। महिला ने मकान मालिक के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
उधर, मकान मालिक की ओर से कहा गया कि बार-बार किराया न देने के बहाने के कारण उसने किराए के लिए दबाव जरूर बनाया। मगर कोई उत्पीड़न नहीं किया। बताया गया है कि कुछ दिन बाद पीड़ित महिला की बेटी की शादी भी होनी है।