संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित एक रिसोर्ट पर ईंट निर्माता कल्याण समिति के तत्वावधान में जिले के भट्ठा मालिकों की बैठक हुई, जिसमें चारों तहसीलों से आए भट्ठा मालिकों ने अपनी-अपनी समस्या बताई।
समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह तहसील और मुख्यालय स्तर पर अधिकारियों से वार्ता कर आपकी समस्याओं का समाधान कराएंगे। जिले के सभी भट्ठा मालिकों ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार 30 जून तक सीजन समाप्त करने के प्रस्ताव पर सहमति जताई। प्रमोद बालियान ने घोषणा की कि सीजन समाप्ति के बाद एनसीआर के भट्ठा मालिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए वह विनियमन शुल्क मामले को लेकर हाईकोर्ट में अपील दायर करेंगे। एनसीआर में अगर 4 महीने भट्ठे चलेंगे और एनसीआर से लगे क्षेत्रों में 10 महीने तो कैसे एनसीआर के भट्ठा मालिक अपने कारोबार को जीवित रख पाएंगे।
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदूषण के नाम पर इस दोहरे कानून के विरोध में जुलाई माह में ईंट भट्ठा मालिक कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन करेंगे। समिति पदाधिकारी कृष्ण त्यागी, वेद प्रकाश आर्य, हाजी जमशेद प्रधान, हाजी जियाउर्रहमान, अशोक कुमार, अमरपाल पूनिया, हाजी तस्लीम व नवीन चेयरमैन, पप्पू प्रधान, जयदेव सिंह, ओमप्रकाश बाबा, हाजी मुर्तजा, आबाद त्यागी मौजूद रहे।