चरथावल। सद्भाव और एकता के प्रतीक घाट मेले में लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। परंपरागत दंगल में पहलवानों ने दांव पेंच दिखाए। करनाल के पहलवान अशोक ने कूकड़ा के शाहनजर को कड़े मुकाबले में मात देकर पांच हजार रुपये की कुश्ती जीती।
मेला प्रांगण में सजे अखाड़े में दंगल का शुभारंभ नगर पंचायत चेयरमैन सतेंद्र त्यागी ने किया।
उन्होंने कहा कि घाट मेला सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है। इस दौरान सहारनपुर, हरिद्वार, शामली के पहलवानों की शानदार कुश्तियां देख ग्रामीण रोमांचित हो उठे। देहरादून के हिमांशु, शाहपुर के विकास की कुश्तियां हुई। सागर सौरम और सुमित सरसावा, राजा खेड़ी और विकास गढ़ी, इनाम तल्हेड़ी और आदिल तथा जुनेद एवं मोनू शाहपुर के बीच कुश्तियां दर्शनीय रही।
डॉ. नौशाद त्यागी, गुलशेर, अनुज त्यागी, इरशाद त्यागी, तनवीर, रब्बान त्यागी, असलम त्यागी, बिल्लू, इसरार, शाकिब का सहयोग रहा। तीरग्रान के एक छोर से शुरू होकर इमामबाड़ा मोहल्ले तक दोनों तरफ मेले में सैकड़ों दुकानें सजी थी। चरथावल ब्लॉक के मुस्लिम बाहुल्य गांव विभिन्न गांवों से लोगों ने आकर मेले का आनंद उठाया। कस्बे के अलावा गांव लुहारी खुर्द, कुटेसरा, कुल्हेड़ी, निरधना, चौकड़ा, दधेडू कलां, दधेडू खुर्द से लोग मेला देखने पहुंचे।
मेला स्थल का मार्ग संकरा होने के कारण अव्यवस्था हावी रही। मेेल में दर्जनों रंग-बिरंगें झूलों पर बच्चों ने लुत्फ उठाया। कस्बा प्रभारी विनोद तेवतिया नेतृत्व में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा।