भोपा गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग से गंतव्य को जाते राजस्थान के युवा कांवड़िए।
- फोटो : अमर उजाला
29 जुलाई की रात से जिले के हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को घूम कर जाना होगा। जिला पुलिस ने कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी है। यह व्यवस्था 29 जुलाई की रात 12 बजे से 12 अगस्त की रात तक लागू रहेगी। इस दौरान दिल्ली-देहरादून मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। गंगनहर पटरी पर भी वाहन नहीं चलेंगे।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों के संचालन के लिए एडवाइजरी लागू की गई है। इस दौरान दिल्ली-देहरादून हाईवे व गंगनहर पटरी पर कोई भारी वाहन नहीं चलेगा। सभी स्थानों पुलिस तैनात की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, प्रभारी यातायात निरीक्षक राकेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी है। बिजनौर, मेरठ, शामली, बागपत, हरिद्वार और सहारनपुर सहित सीमावर्ती जनपदों से विशेष समन्वय की अपील की है।
29 जुलाई की रात से चरणबद्ध तरीके से लागू होगा प्रतिबंध-
• 29/30 जुलाई रात्रि 12 बजे से 12 अगस्त तक गंगनहर पटरी मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
• आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर मुजफ्फरनगर से मीरापुर से होते हुए गंगा बैराज, बिजनौर मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
• 29 जुलाई से 4 अगस्त तक एनएच-58 पर मेरठ व हरिद्वार जाने वाले वाहन बाईं तरफ केवल हल्के वाहनों का दोनों दिशाओं में संचालन होगा।
• 4 अगस्त की मध्य रात से हरिद्वार की ओर जाने और आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का हाईवे पर प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। यह सभी वाहन देवबंद, रामपुर तिराहा, जानसठ से रामराज, मवाना होकर मेरठ जाएंगे।
• 4 अगस्त से 12 अगस्त तक दिल्ली देहरादून हाईवे सभी प्रकार के वाहनों के संचालन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
हल्के एवं मध्यम वाहनों के लिए व्यवस्था
दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर से सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून आने व जाने वाले वाहनों को मीरापुर, जानसठ, सिखेड़ा, जानसठ बाइपास, बिलासपुर कट, भोपा बाइपास, पचेंडा बाइपास, रामपुर तिराहा, रोहाना, देवबंद मार्ग से भेजा जाएगा।
बिजनौर से मुजफ्फरनगर व सहारनपुर जाने आने व जाने वाले वाहनों को गंगा बैराज से मीरापुर, जानसठ बाइपास, सिखेड़ा, भोपा बाइपास, पचेंडा बाइपास, रामपुर तिराहा, रोहाना व देवबंद से भेजा जाएगा।
मुजफ्फरनगर शहर से शामली, जाने वाले वाहनों को वहलना चौक से पीनना बाइपास, तितावी, लालूखेड़ी से भेजा जाएगा। इसी मार्ग से वापसी भी होगी।
हरिद्वार से मुजफ्फरनगर होकर शामली जाने वाली कांवड़ वाहन सिसौना से रामपुर तिराहा से होटल मोती महल के पास से जाएंगे।
मुजफ्फरनगर से खतौली जाने वाले हल्के वाहन भोपा रोड, जानसठ रोड, पचेंडा रोड से होकर हाईवे पर पहुंचकर जानसठ बाइपास से सिखेड़ा व जानसठ होकर खतौली जाएंगे।
मुजफ्फरनगर शहर से बुढ़ाना जाने वाले स्थानीय वाहन बुढ़ाना मोड़ व शाहपुर मार्ग से जाएंगे। भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा। पुरकाजी जाने वाले वाहन भोपा रोड, जानसठ रोड, पचेंडा रोड से होकर हाईवे पर आकर बाई पटरी पर होते हुए जाएंगे।
बनाए गए 32 बैरियर और डायवर्जन पॉइंट
कांवड़ यात्रा के दौरान गंगनहर पटरी मार्ग, दिल्ली देहरादून हाईवे, हरिद्वार रोड, मेरठ रोड, बिजनौर रोड, बुढ़ाना रोड, शामली रोड, थानाभवन रोड, सहारनपुर रोड, भोपा, जानसठ, पुरकाजी, खतौली, शाहपुर, तितावी, रामराज, मंसूरपुर सहित जनपद के प्रमुख चौराहों और सीमाओं पर 32 बैरियर एवं डायवर्जन पॉइंट स्थापित किए जाएंगे।
ये भी देखें...
Saharanpur: देवबंद में चार दोस्तों ने की युवक की हत्या, घर से बुलाकर ले गए और मार डाला, सामने आई ये वजह