बुढ़ाना मोड़ के शिव मंदिर में कांवड़ के शुद्धिकरण के लिए पूजा करते हुए : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पुरा महादेव जा रहे बागपत के कांवड़िये को पीछे से आई बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़ खंडित हो गई। बाइक सवार मौके से फरार हो गया। नाराज कांवड़ियों ने हंगामा किया और सड़क किनारे बैठ गए। पुलिस ने शिव मंदिर में कांवड़ का शुद्धिकरण कराकर कांवड़ियों को मनाया। इसके बाद देर रात कांवड़िये रवाना हो गए।
बागपत के छपरौली का रोहित अपने साथियों के साथ कांवड़ लेकर बुढ़ाना मोड़ पहुंचा था। यहां पर हादसे में उसकी कलश कांवड़ हादसे में खंडित हो गई। कांवड़ मार्ग से गुजर रहे सोनीपत के कांवड़िये रोहित के समर्थन में रुक गए। शामली और बुढ़ाना कांवड़ मार्ग पर भीड़ लग गई।
खालापार, शहर कोतवाली और कांवड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी के. सिद्धार्थ मिश्रा भी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे। कांवड़ियों का कहना था कि हरिद्वार से पैदल चलकर ही कांवड़ मंगाई जानी चाहिए। आरोपी की तलाश कर गिरफ्तारी हो।
पुलिस ने थाने से गंगाजल देने या किसी वाहन से हरिद्वार से गंगाजल मंगाने की बात कही। बाद में कांवड़ियों को शिव मंदिर में शुद्धिकरण की बात पर सहमत कर लिया गया। यहां देर रात पुजारी ने शुद्धिकरण किया। एएसपी ने बताया कि कांवड़ियों को रवाना कर दिया गया है।
बुढ़ाना मोड़ के शिव मंदिर में कांवड़ के शुद्धिकरण के लिए पूजा करते हुए : अमर उजाला