शाहपुर। क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी महिला कबड्डी खिलाड़ी अनु कुमारी 15 नवंबर से बांग्लादेश में होने वाली सीनियर महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की ओर से खेलेंगी।
हरियाणा के रोहतक में आयोजित ट्रायल में अनु का भारतीय सीनियर महिला कबड्डी टीम में चयन किया गया है। अनु गुजरात में इंडिया कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल और गाजियाबाद में तैनात अनु कई राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में रजत व कांस्य पदक हासिल कर चुकी हैं।
अनु कुमारी ने कहा कि लंबे समय से वह मेहनत कर रही थीं, जिसकी बदौलत चयन हो पाया। उन्होंने सफलता का श्रेय अपने परिजनों के अलावा कोच अर्जुन कुमार, अरुण कुमार और उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव राजेश कुमार को दिया है।
कबड्डी कोच नरेंद्र रघुवंशी, प्रधान नीरज कुमार, रामशरण सिंह, सुनील कुमार, नरेश पाल सिंह, जुगत राम, प्रवेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह ने खुशी जताई। कबड्डी कोच सुनील कुमार व महिपाल सिंह ने बताया कि गांव काकड़ा के चिकित्सक नीरज कुमार की पुत्री अनु के चयन से खुशी है। पिता ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर नाज है। परिवार में बहन राखी, भाई शिव और अंशुल है।े