बोर्ड बैठक में जेई मूलचंद का भ्रष्टाचार गूंजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पालिका की बैठक में विशेष प्रस्ताव संख्या 338 में पालिका के जेई निर्माण मूलचंद की शासनादेश के अनुसार ज्वाइनिंग का प्रकरण रखा गया था। जेई मूलचंद की ज्वाइनिंग के लिए चल रहे विवाद के बीच शासन ने चार सितंबर को भेजे अपने आदेश में पालिका प्रशासन को तत्काल उनकी योगदान कराकर आख्या भेजने के निर्देश दिए हैं। इस प्रस्ताव पर आज भी खुलकर विरोध हुआ और सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि किसी भी सूरत में जेई मूलचंद की पालिका में ज्वाइनिंग कराकर योगदान नहीं कराया जाएगा।
पाकिस्तान पर टिप्पणी, खूब लगे जय श्रीराम के नारे
मुजफ्फरनगर। महाराणा प्रताप के प्रस्तावित स्मारक को लेकर बोर्ड मीटिंग में पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर खींचतान हुई। एक वर्ग के सभासदों ने ईदगाह के सामने ही प्रतिमा लगाने का विरोध किया। इस पर भाजपा सभासद अमित बॉबी ने एक टिप्पणी कर दी, जिससे माहौल गरमा गया। सभासद गय्यूर को उन्होंने पाकिस्तान जाने के लिए कहा तो मामले ने तूल पकड़ लिया। मुस्लिम सभासदों ने इस टिप्पणी का विरोध करते हुए हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू किए तो वहीं भाजपा सभासदों ने जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदेमातरम् के नारे लगाए।
शिकायतकर्ता सभासद ने जताया खेद
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल के लिए मुश्किल बने देवी अहिल्याबाई होल्कर चौराहा सुंदरीकरण कार्य को लेकर भी आज चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया। इसके लिए चेयरपर्सन के खिलाफ जिला प्रशासन से शासन स्तर तक शिकायत करने वाले भाजपा सभासद राजीव शर्मा ने सदन में ही खेद व्यक्त करते हुए अपनी शिकायत वापस लेने का संकेत दे दिया।
भाजपा महिला सभासद ने किया बहिष्कार
मुजफ्फरनगर। बोर्ड बैठक के दौरान वार्ड संख्या दो की भाजपा सभासद पिंकी भी शामिल थीं। उनके द्वारा अपने वार्ड की कुछ समस्याओं को बैठक में रखने की तैयारी की गई थी। प्रयास के बावजूद भी जब बोलने नहीं दिया गया तो वह अपने पति भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह के साथ बोर्ड मीटिंग का बहिष्कार कर घर लौट र्गइं।
मीनाक्षी चौक का नाम वीर अब्दुल हमीद करने की मांग
मुजफ्फरनगर। सभासद गुलशन पत्नी अन्नू कुरैशी, रिहाना पत्नी नौशाद, अब्दुल सत्तार, गय्यूर, सरफराज आदि द्वारा दिए गए प्रस्ताव में पाकिस्तान के विरुद्ध 1965 की जंग में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर अब्दुल हमीद के नाम पर मीनाक्षी चौक का नामकरण करने की मांग की गई।