मुजफ्फरनगर। जनपद जाट महासभा की कार्यकारिणी की बैठक में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों का सम्मान करने का फैसला लिया गया। जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने कहा कि समाज का नाम रोशन करने वाले लोगों को महासभा सम्मानित करेगी। पंजीकरण के लिए केंद्र बनाए गए हैं, इसके बाद समिति चयन सूची बनाएगी।
गांधी कॉलोनी के वर्मा पार्क स्थित चौधरी चरण सिंह भवन में रविवार को बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि समाज की दिशा और दशा समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया। इसके अलावा 28 सितंबर को पंजाबी बरातघर में सम्मान समारोह तय किया गया। आठ सितंबर तक पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं को ही सम्मानित किया जाएगा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल में 85 और इंटर में 80 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य है। सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 90 और इंटर में 85 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य है।
प्रांतीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी महासभा की ओर से सम्मानित किया जाएगा। पंजीकरण के लिए 10 स्थान तय किए गए हैं। इस मौके पर महासचिव ओमकार तोमर, रामपाल वर्मा, यशपाल सिंह, जयवीर सिंह, प्रदीप कुमार, राकेश बालियान, उत्तम राठी, चांदवीर, राहुल पंवार मौजूद रहे।