रेलवे स्टेशन पर यात्रीयों की जांच करता स्वास्थकर्मी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बाहर से आने वाले प्रवासियों की जांच शुरू
मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार बढ़ रहे कोरोना के ग्राफ के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले में बाहर से आने वाले प्रवासियों की जांच शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन के साथ ही बस स्टेंड पर भी टीमों की तैनाती की गई है, जहां सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ ही उनके नाम-पते भी नोट किए जा रहे हैं।
जनपद में गत एक सप्ताह से लगातार कोरोना संक्रमण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। लगातार मिलने वाले मरीजों के साथ ही मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने अब जरूरी कदम उठाते हुए जिले में बाहर से आने वाले सभी प्रवासियों के नाम-पते नोट करने के साथ ही उनकी स्वास्थ्य जांच भी शुरू कर दी है। इसके तहत रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज बस स्टैंड पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गईं हैं। ये टीमें प्रवासी लोगों के स्वास्थ्य की जांच और नाम-पते नोट करने के साथ ही उनके आने के स्थल की भी तस्दीक कर रही हैं। जांच के दौरान जिस किसी भी मुसाफिर में कोरोना के लक्षण मिल रहे हैं, उन्हें स्टेशन व बस स्टेंड से ही अस्पताल भेजकर आगे की जांच की जा रही है।
देर रात आने वाले मुसाफिर हो रहे परेशान
मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना संक्रमण के चलते रोजाना रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया जा रहा है। इसके चलते जो भी मुसाफिर देर रात अन्यत्र से शहर में आ रहे हैं, उन्हें आगे गंतव्य तक जाने में मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, नाइट कर्फ्यू के चलते शहर क्षेत्र में रात आठ बजे के बाद ई-रिक्शा व अन्य सवारी साधन बंद हो जाते हैं। इसके चलते देर रात आने वाले मुसाफिरों को अपने गंतव्य तक का सफर पैदल ही तय करना पड़ रहा है।