चरथावल के देवबंद क्रय केंद्र का वजन कराते विभाग के अधिकारी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
घटतौली की शिकायत पर आधा दर्जन केंद्रों की जांच पड़ताल
मुजफ्फरनगर, चरथावल। किसानों की शिकायत पर डीसीओ डा. आरडी द्विवेदी के निर्देश पर एससीडीआई विनोद कुमार और सचिव शशि प्रकाश सिंह ने चरथावल केंद्रों का निरीक्षण किया। देवबंद पश्चिम केंद्र पर अफसरों ने विभाग की गाड़ी को कांटे पर रखवाकर वजन की जांच कराई। किसानों ने केंद्रों पर तौल पर्चियों की सूची उलपब्ध कराने की व्यवस्था पुन: चालू कराने की मांग की है।
चरथावल के केंद्रों से जिला गन्ना अधिकारी को कुछ किसानों ने घटतौली की शिकायत की थी। इस पर अफसरों ने केंद्रों पर जाकर जांच पड़ताल की। किसानों से बातचीत की और बांट रखवाकर कांटे का परखा। लेकिन केंद्रों पर वजन सही पाया गया। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने रोहाना समिति से जुड़ी आईपीएल ग्रुप की तितावी मिल के केंद्र बलवाखेड़ी, गुनियाजुड्डी और बिरालसी में दो केंद्रों का मुआयना किया। इन केंद्रों पर मानक के अनुरूप तौल पाया गया। किसानों की समस्याओं से रूबरू हुए और तौल लिपिकों से कहा कि विभाग के नियमों के अनुसार किसानों को सुविधाएं मुहैया कराई जाए।
केंद्रों पर निर्धारित तौल सूची मुहैया कराई जाए
किसान स्वाभिमान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरीश राणा के नेतृत्व में किसानों ने क्रय केंद्रों पर तौल की सूची भेजने की मांग की। चूंकि उन किसानों को व्यावहारिक समस्याएं हो रही है, जिन्हें मोबाइल पर एसएमएस नहीं देखना आता। करीब 20 फीसदी किसानों के मोबाइल फोन पर एसएमएस नहीं आने से उन्हें केंद्रों पर चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उधर, विभाग ने एक पखवाड़े से केंद्रों पर लिस्ट भिजवाने पर पाबंदी लगा दी है। जिससे किसानों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। इस संबंध में सचिव एसपी सिंह ने बताया केंद्रों पर किसानों की लिस्ट बंद करने का मकसद शत प्रतिशत किसानों के फोन नंबर संकलित कर विभाग से जोड़ना है, ताकि उन्हें नियमित एसएमएस जाएं और गन्ना माफियाओं पर अंकुश लग सकें।