संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका क्षेत्र के इंदिरा कॉलोनी में सरकारी तालाब पर किए गए अवैध कब्जे की शिकायत पर शासन ने संज्ञान लिया है। विधायक मिथलेश पाल की ओर से लिखे गए पत्र पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य (एसीएस) सचिव संजय प्रसाद ने डीएम को मामले की जांच कराकर भूमि अवैध कब्जा मुक्त कराने के निर्देश जारी किए हैं।
मीरापुर से रालोद विधायक ने दो सप्ताह पहले मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। जिसमें नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत खसरा नंबर 409 स्थित सरकारी तालाब (जोहड़ जलमग्न भूमि) को कब्जामुक्त कराने की मांग को लेकर इंदिरा कॉलोनी निवासी नरेश कुमार पाल की ओर से की गई शिकायत का संज्ञान लिए जाने का अनुरोध किया था।
लिखा था कि कि तालाब की सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे कर मकान बनाए गए हैं। यह भी आरोप था कि तालाब की भूमि पर बिना अनुमति धार्मिक स्थल स्थापित कर लाउडस्पीकर लगाया गया है।
विधायक की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में पूर्व शिकायतकर्ता की शिकायत का संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई की मांग की गई थी। डीएम उमेश मिश्रा का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। सोमवार को वह जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।