मतदान केंद्रों के फर्नीचर की जांच के निर्देश दिए
मुजफ्फरनगर, खतौली। मतदान केद्रों पर रखे फर्नीचर पर प्रधान का नाम लिखा होने की सूचना मिलने के बाद एडीओ पंचायत ने सभी सचिवों को मतदान केंद्रों में लगे फर्नीचरों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए।
त्रिस्तरीय चुनाव को लेकर ब्लाक खतौली में बनाए जा रहे मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है। किसी ने मुख्यालय पर सूचना दी कि ब्लाक खतौली के अंतर्गत बनाए जा रहे मतदान केंद्रों में से किसी में स्कूल में रखी बेंचों पर प्रधान का नाम लिखा है, जिससे प्रधान पद के प्रत्याशियों को लाभ पहुंच सकता है। इसकी सूचना मिलने पर एडीओ पंचायत योगेश्वर दत्त त्यागी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी सचिवों को मतदान केंद्रों का बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। जांच के बाद पता चला कि किसी ने यह फर्जी सूचना फैलाई है, किसी भी स्कूल में जिसमें मतदान किया जाना है वहां बेंचों पर किसी भी प्रधान का नाम नहीं लिखा है।
पर्चे भरवाने को अधिवक्ताओं के यहां लगी भीड़
मुजफ्फरनगर, खतौली। नामांकन पत्र जमा कराने से पहले उसे भरवाने के लिए अधिवक्ताओं के यहां प्रत्याशियों या उनके द्वारा जिम्मेदार बनाए गए व्यक्तियों की लंबी लाइन लगी रही। उधर, ब्लाक में भी नामांकन कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई हैं। नामांकन करनेे आने वाली महिला प्रत्याशियों के लिए बैठने की व्यवस्था भी की गई है। बुधवार से नामांकन पत्र भरे जाएंगे। उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र में लगाए जाने वाले कागजों को तैयार करा लिया है। अब प्रत्याशी नामांकन पत्रों को भरवाने का काम कर रहे हैं। हर कोई ऐसे अधिवक्ता से ही नामांकन पत्र भरवाना चाहता है, जिसने पहले भी पर्चे भरे हो। बुधवार की सुबह से ही नामांकन जमा कराने का काम शुरू होगा, इसके लिए ब्लाक अधिकारियों व कर्मचारियों ने पूरी तैयारी कर ली है। प्रधान, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव में अपनी भागेदारी दर्ज कराने वाली महिलाएं जो नामांकन कराने ब्लाक में पहुंचेगी, उनके लिए भी ब्लाक में अलग से एक कैंप लगाया गया है, जिससे वह वहां बैठ सके। संवाद