-ईओ के जुर्माना लगाने के बाद कंपनी प्रबंधक ने मांगी माफी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। खुले वाहनों में कूड़ा ले जाने पर ईओ प्रज्ञा सिंह द्वारा कंपनी पर जुर्माना लगाए जाने के बाद कंपनी प्रबंधक ने माफी मांगी है। वाहन चालकों को सख्त हिदायत दे दी गई कि किसी भी सूरत में शहर में ट्रांसपोर्ट के दौरान कूड़ा वाहन खुले नहीं रहेंगे। कंपनी ने खुला कूड़ा नहीं ले जाने का वादा अधिकारियों से किया है।
नगरपालिका परिषद् द्वारा शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और डलाव घरों से कूड़ा उठाकर साफ-सफाई कराते हुए उसका निस्तारण कराने के लिए दिल्ली की कंपनी से करार किया है। ईओ प्रज्ञा सिंह ने कंपनी द्वारा लगाये गए वाहनों में कूड़ा खुले में ले जाने के कारण जुर्माना लगाया है। ईओ ने बताया कि कंपनी ने अनुबंध में तय किया था कि कूड़ा निस्तारण के लिए वाहनों का ट्रांसपोर्ट तिरपाल से ढककर किया जाएगा, लेकिन निरीक्षण के दौरान ईओ को खुले में कूड़ा वाहनों मेंं जाता हुआ मिला। उन्होंने बताया कि कंपनी ने अनुबंध की शर्त संख्या 36 का उल्लंघन किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि खुले वाहन से कूड़ा परिवहन नहीं किया जाएगा। ऐसा होने पर 1000 रुपये प्रति बार पैनल्टी ली जाएगी। इसके तहत 28 बड़े कूड़ा वाहनों को ढककर न ले जाने के कारण कंपनी पर 28 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। कंपनी के परियोजना प्रभारी और जोन वन के इंचार्ज पुष्पराज सिंह ने बताया कि ईओ प्रज्ञा सिंह द्वारा की गई कार्यवाही न्यायसंगत है।
कंपनी ने पालिका से चार जेसीबी सहित 14 बड़े वाहन मांगे
शहर में सफाई व्यवस्था के लिए पालिका से अनुबंध करने वाली कंपनी ने अब नये सिर से पालिका से बड़े वाहनों को लेकर डिमांड करते हुए डीजल, मोबाइल कॉम्पेक्टर आदि मुद्दों पर बने गतिरोध को खत्म करने का प्रयास किया है। ईओ प्रज्ञा सिंह की उपस्थिति में पालिका के स्वास्थ्य विभाग और कंपनी के बीच बड़े वाहनों को हैंड ओवर करने, मोबाइल कॉम्पेक्टर के संचालन, कूड़ा उठान, वाहनों को डीजल देने आदि बिन्दुओं पर सहमति बनी है। अब कंपनी बड़े वाहनों को 20 लीटर डीजल प्रतिदिन देगी। इसके साथ ही कंपनी ने पालिका से चार जेसीबी सहित 14 बड़े वाहनों की डिमांड की है। कंपनी ने सुबह और शाम दोनों पालियों में सफाई करने, सड़क पर कूड़ा ट्रांसफर सेंटर नहीं बनाने और टीपर से सीधे काम्पेक्टर में कूड़ा लोड कराने का भरोसा पालिका प्रशासन को दिया है।