शादी में आए मेहमान को मारपीट कर किया घायल
भोपा। वाहन को साइड न देने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने शादी समारोह में आए मेहमान को मारपीट कर घायल कर दिया। मामले को लेकर गांव में तनाव फैल गया। पीड़ित के रिश्तेदारों ने थाने पहुंच कर आरोपियों की गिरफ्तारी को हंगामा किया।
थाना क्षेत्र के गांव अथाई में बृहस्पतिवार को अनुसूचित जाति के हरपाल की बेटी की शादी थी। शादी के सभी कार्यक्रम लगभग पूर्ण हो चुके थे। शाम को हरपाल की दूसरी पुत्री का पति पप्पू निवासी करनाल दो महिलाओं एवं एक अन्य साथी के साथ पिकअप गाड़ी से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के बीच एक किराना की दुकान के निकट तिराहे पर पहुंचा तो सामने से एक ट्रैक्टर-ट्राली आ गई। इसे लेकर ट्रैक्टर चालक एवं गाड़ी चालक में कहासुनी हो गई। दुकान पर खड़े कई युवक बीच में आ गए और गाड़ी चालक से विवाद होने लगा। आरोप है कि दुकान पर मौजूद करीब आधा दर्जन लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। जैसे ही गाड़ी चालक के रिश्तेदारों को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। मामला दो वर्गों का होने के कारण दोनों पक्षों में तनाव हो गया। पुलिस ने गांव में पहुंचकर मामले की जानकारी ली। गाड़ी चालक के पक्ष में लोग ट्रैक्टर ट्रालियों से थाने पहुंच गए। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भोपा सीएचसी पर भर्ती कराया।