मुजफ्फरनगर। ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने शनिवार को रुड़की रोड स्थित इंडियन मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल संचालकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया था। सीएमओ के निर्देश पर गठित जांच टीम ने सोमवार को हॉस्पिटल पहुंचकर ऑपरेशन थियेटर सील कर दिया। संबंधित चिकित्सक डॉ.एससी मिश्रा को भी नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर डिग्री एवं अन्य दस्तावेज चेक कराने के लिए निर्देशित किया गया।
छपार क्षेत्र के गांव कल्लरपुर निवासी सोनम पत्नी अरविंद को रुड़की रोड स्थित इंडियन मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पर प्रसव के लिए 17 जून को भर्ती कराया गया था। अरविंद के भाई धूम सिंह की ओर से शनिवार को आरोप लगाया गया था कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक की ओर से लापरवाही बरतने से प्रसूता की हालत बिगड़ गई थी।
परिजनों के हंगामे के बाद सीएमओ डॉ.सुनील तेवतिया के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह एवं डॉ. अजय कुमार की टीम ने हॉस्पिटल पहुंचकर मामले की जांच की थी। हॉस्पिटल संचालक को नोटिस जारी किया गया था। डॉ. महक सिंह ने बताया कि सोमवार को उनकी ओर से हॉस्पिटल पहुंचकर ऑपरेशन सील कर दिया गया। बताया कि जब तक जांच पूरी नहीं होती तब तक ऑपरेशन थियेटर सील रहेगा।
बताया कि संबंधित चिकित्सक को भी नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर चिकित्सा संबंधी डिग्री एवं अन्य दस्तावेज की जांच कराने के लिए निर्देशित किया गया है।