पाकिस्तान को हराकर भारत की जीत पर शिव चौक पर जश्न मनाते क्रिकेट प्रेमी फोटो संवाद
मुजफ्फरनगर। भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच का जादू सिर चिढ़कर बोला। मुकाबला शुरू होते ही क्रिकेट प्रेमी मोबाइल और टीवी से चिपक गए। गांव से लेकर शहर तक जुनून छाया रहा। बाजारों, दुकानों और अन्य स्थानों पर लोगों ने खेल का लुत्फ उठाया। पाकिस्तान पर 61 रनों से जीत के बाद क्रिकेट प्रेमियों ने खुशी मनाई। शहर के शिव चौक पर खुशी का माहौल रहा। देर रात तक यहां तिरंगा लहराकर टीम इंडिया की जीत पर खुशी मनाई।
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए रोमांचक क्रिकेट मुकाबले ने जिले भर के क्रिकेट प्रेमियों को अपने आगोश में ले लिया। जैसे ही मैच शुरू हुआ, हर कोई मोबाइल और टीवी स्क्रीन से चिपक गया।
जैसे ही टॉस के बाद मैच शुरू हुआ, मानो समय थम सा गया। हर घर, हर दुकान में सिर्फ क्रिकेट की गूंज सुनाई देने लगी। अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद दर्शक निराश हुए लेकिन ईशान किशन की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया।
इसके बाद सूर्या कुमार यादव और तिलक वर्मा ने अच्छा खेल दिखाया। शिवम दूबे और रिंकू सिंह का सराहनीय योगदान रहा। गेंदबाजी में हार्दिक पांडया, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण ने दो-दो विकेट चटकाकर टीम इंडिया की राह साफ कर दी।
-
चीनी मिल में छाया क्रिकेट का जादू
खतौली। चीनी मिल में क्रिकेट का जादू छाया रहा। मिल कर्मचारी भवन में लगी स्क्रीन पर मुकाबला देखते हुए नजर आए। इसके अलावा चीनी मिल में गन्ना लेकर आए किसान भी मोबाइल पर मैच देखते हुए नजर आए। हर गेंद पर खेल प्रेमियों के बीच उत्साह दिखा।
-
याद रहेगी ईशान किशन की पारी : पुंडीर
मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की है। ईशान किशन की यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।