खतौली में प्रत्याशियों को थाने में बैठाया
खतौली। छिटपुट घटनाओं के बीच कड़ी सुरक्षा में पंचायत चुनाव का मतदान हुआ। जिन गांवों से बार-बार सूचना प्राप्त हुई, उनके प्रत्याशियों को थाने बैठा दिया गया। जिन्हें मतदान के बाद छोड़ा गया।
खतौली ब्लॉक क्षेत्र में सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया। एसपी क्राइम दुर्गेश कुमार सिंह, एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, सीओ राकेश सिंह, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट महेंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वहां व्यवस्था का जायजा लेते रहे। सुबह मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ मतदान केंद्रों पर दिखाई दी, जबकि दोपहर दो बजे के बाद भीड़ कम होने लगी। गांव शेखपुरा के मतदान केंद्र पर तीन बजे मतदाताओं की भीड़ न के बराबर रह गई थी।
गांव भैंसी से चुनाव प्रभावित करने की सूचनाएं आने पर प्रधान पद के प्रत्याशी सुनील अहलावत, अमित कुमार को थाने लाकर बैठा दिया गया, जबकि तीसरे प्रत्याशी जयप्रकाश शास्त्री को उनके घर पर ही पुलिस निगरानी में रखा गया। अन्य गांवों से भी छिटपुट घटनाओं को लेकर अधिकारियों के फोन की घंटी बजती रही। देर शाम तक चुनाव शांति पूर्वक समाप्त हुआ। ब्लाक खतौली में चल रहे मतदान के दौरान बैलेट बॉक्स लीवर में परेशानी आने के बाद अलग अलग मतदान केंद्र रतनपुरी, खतौली ग्रामीण, सिकंदरपुर कला में मतपेटियां भेजी गईं।
मतदान केंद्रों पर भेजी अतिरिक्त पोलिंग पार्टी
खतौली। मतदान सुचारु कराने और समय से समाप्त कराने के लिए अतिरिक्त 40 मतदान कर्मी बुलाए गए। जिन मतदान केंद्रों पर 800 से अधिक मतदाता थे और भारी भीड़ दिखाई दी, उन केंद्रों पर मतदान को गति देने के लिए अलग से पोलिंग पार्टी और सदस्य रवाना किए गए। बीडीओ पवन विश्वकर्मा ने बताया कि रतनपुरी, बड़सू, कैलावड़ा कलां, जौहरा, रामपुर, फुलत, भूपखेड़ी, भलवा, नौना, लाड़पुर, चिंदौडा में मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त मतदान कर्मी भेजे गए।
वृद्धों ने भी किया मतदान
खतौली। मतदान के अधिकार का प्रयोग करने के लिए आमजन ही नहीं, वृद्धों में भी उत्साह रहा। बुजुर्गों ने मतदान केंद्रों पर सुबह ही पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खतौली ब्लाक के गांव मोहद्दीनपुर में तौसीफ ने सबसे पहले वोट डाला। खतौली ब्लॉक के गांव उमरपुर लिसौड़ा के मतदान केंद्र पर 78 साल के रामसिंह ने अपने मत का प्रयोग किया।