खतौली में एमडीए के रास्ता बताने वाले सांकेतिक बोर्ड पर लगाया गया फ्लैक्स।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली। विकास प्राधिकरण के सांकेतिक बोर्ड सहित सरकारी बिजली के पोल पर कुछ पार्टी के नेताओं ने फ्लैक्स लगा दिए गए हैं। बावजूद इसके विकास प्राधिकरण से लेकर विद्युत निगम या नगरपालिका इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
कस्बे में जानसठ तिराहा, बुढ़ाना तिराहा पर कुछ भाजपा नेताओं ने विकास प्राधिकरण के सांकेतिक बोर्ड जो राहगीरों को रास्ता बताने का काम करते हैं, उन पोल पर अपने प्रचार प्रसार के अवैध रूप से फ्लैक्स लगाए हुए है। जिससे मुजफ्फरनगर से जानसठ, मीरापुर, बिजनौर जाने वाले यात्रियों सहित मेरठ से बुढ़ाना, पानीपत जाने वाले यात्रियों को कोई दिशा निर्देश देने वाला सरकारी बोर्ड न दिखने के कारण ऐसे यात्री गुमराह होकर आगे निकल जाते हैं। जिससे मुसाफिरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा सपा, रालोद नेताओं ने भी सरकारी खंभों पर कस्बे में रोडवेज, बुढ़ाना तिराहे सहित नगर में कई स्थानों पर अपने फ्लैक्स लगा रखे हैं। पूरा नगर फ्लैक्स से अटा पड़ा है। एमडीए से लेकर विद्युत निगम, नगरपालिका सहित स्थानीय प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इन फ्लैक्स से चुनाव के दौरान की नगर की जनता को छुटकारा मिलता है। चुनाव के बाद जस की तस स्थिति बन जाती है।