जानसठ क्षेत्र के गांव में नोटिस तामील कराती पुलिस।
- फोटो : KHATAULI
झगड़ा किया तो लगेगा पांच लाख का फटका
मुजफ्फरनगर। आगामी ग्राम पंचायत चुनावों के मद्देनजर जनपद पुलिस ने गांव-देहात में जमीन संबंधी विवादों को लेकर नई मुहिम शुरू की है। इसके तहत दोनों पक्षों को पांच-पांच लाख रुपये से पाबंद कर उन्हें झगड़ने पर पांच-पांच लाख रुपये सरकारी कोष में जमा के लिए वसूली करने की चेतावनी दी जा रही है। अब तक जनपद में इस तरह की सौ से अधिक कार्रवाई की जा चुकी हैं।
सूबे में जल्द ही ग्राम पंचायत चुनाव होने हैं। जिनमें चुनावी व जमीन संबंधी रंजिश का बोलबाला रहता है। इसके चलते गांव-देहात में संघर्ष की घटनाएं भी बहुतायत होती हैं। चुनाव के मद्देनजर जनपद पुलिस ने नई मुहिम की शुरूआत करते हुए गांव-देहात के इस तरह के रंजिश में लगे पक्षों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि अब तक डेढ़ सौ से अधिक इस तरह की रंजिशों को चिह्नित किया जा चुका है, जिनमें दोनों पक्षों के बीच झगड़े या आपराधिक वारदातें हो चुकीं हैं। इनमें से अब तक सौ से अधिक मामलों में दोनों पक्षों को पांच-पांच लाख रुपये से मुचलका पाबंद किया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि इसके लिए थाना स्तर पर टीमों का गठन किया गया है, जो गांव-गांव जाकर ऐसे पक्षों को एक साथ बैठाकर पाबंद किए जाने की जानकारी देते हुए उन्हें भविष्य में झगड़ा करने पर पांच-पांच लाख रुपये उनसे वसूल किए जाने की चेतावनी दे रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि वसूली गई समस्त धनराशि सरकारी कोष में जमा कराई जाएगी, जो किसी भी प्रकार से वापस नहीं होगी।