प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर पति की हत्या
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर तीन दिन से लापता युवक की पत्नी ने ही हत्या करा दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम महिला के प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर युवक को अगवा करने के बाद दिया गया। पुलिस ने युवक की संदिग्ध गुमशुदगी का राज खोलते हुए पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उसका शव भी गांव काकड़ा के जंगल से बरामद कर लिया है। दो आरोपी अभी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव सांझक निवासी पुरुषोत्तम चार अक्तूबर को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। उसके पिता रामशरण ने थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसके अपहरण की आशंका जताई थी। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि शक के आधार पर पुरुषोत्तम की पत्नी सोनिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो युवक की हत्या कर दिए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद सोनिया के प्रेमी संदीप उर्फ संजीव व उसके दोस्त प्रवेश, निवासी गांव पलड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर गांव काकड़ा के जंगल में एक खेत में ईख की पत्तियों के नीचे छिपाया गया लापता पुरुषोत्तम का शव बरामद कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त की गई जाइलो कार भी बरामद कर ली गई है। घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में टीम गठित कर दी गई है।
शादी से पहले थे सोनिया-संजीव के प्रेम संबंध
शाहपुर। गांव सांझक निवासी पुरुषोत्तम की शादी करीब दस साल पूर्व गांव पलड़ा निवासी सोनिया से हुई थी। इससे पहले से ही सोनिया के प्रेम संबंध गांव लिलौन निवासी संदीप उर्फ संजीव से थे, जो शादी के बाद भी लगातार जारी रहे। सोनिया अपनी शादी के बाद भी मायके जाने के बहाने लिलौन जाकर प्रेमी संदीप से मिलती रहती थी। दोनों कई बार दिल्ली भी एक साथ घूमने जा चुके हैं। दोनों के बीच लगातार फोन पर भी बातें होती थीं, जिसके चलते कुछ दिन पूर्व पति पुरुषोत्तम को सोनिया के प्रेम संबंधों की जानकारी लग गई थी। पति प्रेम संबंधों के आड़े आया तो सोनिया ने प्रेमी संग मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली। इंस्पेक्टर ने बताया कि साजिश में संदीप उर्फ संजीव ने गांव पलड़ा निवासी प्रवेश के साथ ही अपने दोस्त देव और एक अन्य को भी शामिल किया। इसके बाद चार अक्तूबर की रात प्रवेश गांव सांझक पहुंचा और बहाने से पुरुषोत्तम को बाइक पर बैठाकर ले गया। आरोपी उसे गांव काकड़ा के जंगल में ले गए, जहां शराब पिलाने के बाद पुरुषोत्तम की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को एक खेत के अंदर पत्तियों के ढेर के नीचे दबाकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने वहीं से शव को बरामद कर मोर्चरी भेज दिया है।