मोरना में गली व मोहल्लों को सील किया गया।
- फोटो : KHATAULI
हॉटस्पॉट जगहों को किया गया सील
मोरना। मोरना में कोरोना महामारी रोकने के लिए हॉटस्पॉट जगहों को बैरिकेडिंग कर चौराहों, गलियों को बंद कर दिया गया है। बुधवार को मोरना में पांच और गांव योगेंद्र नगर, भुआपुर में एक-एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ जाने से प्रशासन ने मोरना को पूरी तरह से सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोरना व जानसठ और मोरना व भोपा मार्ग पर सभी प्रतिष्ठान, कारखाने पूरी तरह से बंद कराए जा चुके हैं। डॉक्टर अर्जुन सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र मोरना पर कोरोना जांच में तेजी लाई जा रही है, जिसमें लैब टेक्शियन अमित कुमार, किशनलाल, विजय शंकर और अशोक कुमार की टीम ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बुधवार को संक्रमित आए व्यक्तियों के परिजनों और आसपास के 85 महिला, पुरुष व बच्चों की जांच की गई। सीओ भोपा राजेश द्विवेदी ने बताया कि अभी तक मिले कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों के बारे में उच्चधिकारियों को अवगत कराया गया है, जैसा आदेश आएगा। उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सैंपल लेने का विरोध
शाहपुर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हॉटस्पॉट इलाके में कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने का कुछ लोगों ने विरोध किया। बाद में पुलिस के सहयोग से सैंपल लिए गए। कस्बे के मोहल्ला अंसारियान निवासी एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उसके मोहल्ले को हॉटस्पॉट घोषित कर डेढ़ दर्जन परिवारों को क्वारंटीन किया गया था। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम हॉट स्पॉट इलाके में कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने पहुंची तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए सैंपल नहीं देने की बात कही। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां तैनात पुलिस बल को अवगत कराया जिसके बाद पुलिस ने सैंपल न देने वाले लोगों को जमकर हड़काया। पुलिस द्वारा हड़काने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मोहल्ले से 87 लोगों के सैंपल लिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर एनपी सिंह ने बताया कि इसके अलावा केंद्र पर 12 अन्य लोगों के सैंपल लिए गए हैं।