बुढ़ाना में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की दवाई की जानकारी देते प्रभारी चिकित्साधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की होम्योपैथिक दवाई बांटी
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। आयुष मंत्रालय के निर्देश पर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय शाहपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार ने रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए होम्योपैथिक दवाई का वितरण किया। दवाई के पैकेट उपजिलाधिकारी व तहसीलदार को सौंपे गए। यह दवाई तहसील मुख्यालय में कार्यरत सभी कर्मचारियों व अधिकारियों में बांटी जाएगी।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम कुमार भूपेन्द्र तथा तहसीलदार मनोज कुमार सिंह को प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली दवाई के 300 पैकेट दिए। उन्होंने बताया कि आरसैनिक एल्बम 30 नाम की यह होम्योपैथिक दवाई रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय के निर्देश पर इस दवाई का वितरण किया जा रहा है। यह दवाई प्रत्येक व्यक्ति को खाली पेट चार गोली के हिसाब से तीन दिन का लगातार लेनी होगी। एसडीएम ने बताया कि तहसील मुख्यालय में काम करने वाले सभी कर्मचारियों, लेखपाल संग्रह अमीन व सभी अधिकारियों को दवाई का वितरण किया जाएगा। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कहा कि दवाई लेने के लिए कोई भी व्यक्ति राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय शाहपुर में उनसे संपर्क कर सकता है।