होम क्वारंटीन किए गए लोग स्वस्थ पाए गए
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। आरोग्य सेतु एप द्वारा गांव में कोरोना पॉजिटिव के संकेत देने के मामले में क्वारंटीन किए गए लोगों की हुई जांच में सभी लोगों के स्वस्थ पाए जाने पर ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें होम क्वारंटीन से मुक्त कर दिया गया है।
गांव तुगलकपुर निवासी दिल्ली में कार्यरत प्रोफेसर गुरुबीर चौधरी की करीब 20 दिन पूर्व दिल्ली में ही कोरोना पॉजिटिव होने से मौत हो गई थी। जिसके परिवार को मृतक का भाई सतबीर गांव तुगलकपुर में ले आया था। 16 जून को आरोग्य सेतु एप द्वारा गांव में कोरोना पॉजिटिव के संकेत देने पर गांव में हड़कंप मच गया था। जिसकी सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मृतक के परिजनों व परिवार के अन्य करीब दो दर्जन लोगों को घर पर ही क्वारंटीन कर दिया गया था। रविवार को क्वारंटीन समय पूरा होने के उपरांत सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन लोगों के स्वास्थ की जांच की गई। जांच में सभी लोगों के स्वस्थ पाये जाने पर ग्रामीणों ने राहत महसूस की। ग्राम प्रधान प्रताप सिंह ने बताया कि क्वारंटीन किए गए सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं। सभी को क्वारंटीन मुक्त कर दिया गया है।