दिल्ली-पौडी राजमार्ग पर सैनी भट्ठा तिराहे पर सड़क टूटने और जलभराव होने के कारण हाइवे पर 24 घंटे जाम रहा। जाम में दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए। पुलिस ने लोक निर्माण विभाग एवं जन सहयोग से मंगलवार दिन में दो बजे के करीब यातायात सामान्य कराया।
हाईवे पर सैनी भट्ठा तिराहे पर विगत एक सप्ताह से हाईवेे बारिश एवं जलभराव के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण कोई न कोई वाहन इस जगह पर फंसता है, लेकिन आसपास के ट्रैक्टर चालक पीड़ित चालक से पैसा लेकर वाहन को निकाल देते हैं। सोमवार देर रात बिजनौर की ओर से आ रहा लोडेड ट्रक मोड़ पर आ कर दलदल में पलट गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं।
जाम में ट्रकों, रोडवेज बसों, हलके वाहन तथा कारें फंस गईं। रात्रि में पुलिस ने हल्के वाहनों को मीरापुर के अन्दर के रास्तों से निकाला। मीरापुर की ओर जा रहा एक ट्रक बिजली के तारों से टच हो गया। तारों के टूट जाने के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई। मंगलवार प्रात: लोक निर्माण विभाग के जेई रामसेवक एवं ऋषिपाल आदि ने मौके पर आकर लेबर लगाई और भट्ठा से ईंट मंगाकर मौके पर खड़ंजा लगवाया।
उधर, थानाध्यक्ष चन्द्रकिरण यादव ने पुलिस के साथ जाम खुलवाया। बिजनौर से दो क्रेन मंगवा कर फंसे ट्रकों को बाहर निकलवाया। करीब 24 घंटे जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। जेई रामसेवक ने बताया कि वर्षा न हुई तो जल्द ही हाईवे की मरम्मत करा दी जाएगी। जाम खुलवाने में गुलशाद, शहजाद, साकिर, मिस्त्री फयाज आदि का भी सहयोग रहा। इधर, मीरापुर में स्टेट बैंक के सामने, कैथोडा के पास, जाटान पुलिया समेत हाइवे पर कई जगह सड़कें टूटने से यातयात का आवागमन भी प्रभावित है। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न हुई तो फिर से जाम लगेगा।