जरूरतमंद की मदद करना ईश्वर की भक्ति के समान
मुजफ्फरनगर। प्रेमपुरी स्थित श्री गिरधारी लाल जैन मेमोरियल पब्लिक स्कूल परिवार ने शहर की मलिन बस्ती मेें रहने वालेे परिवारों की मदद की है। उन्होंने 60 ऐसे परिवारों का चयन किया, जो गरीबी रेखा से निचले स्तर, आधार भूत सुविधाओं जैसे बिस्तर, कपड़े, बर्तन और भोजन के अभाव में जीवन यापन कर रहे हैं।
बुधवार को विद्यालय में चेरिटी-डे क आयोजन किया गया। इस अवसर पर 60 परिवारों को गद्दे, रजाई, कंबल, चादर, कपड़े, बर्तन व खाने-पीने का सामान दिया गया एवं रोजगार की राह दिखाई। मानवता के इस पुण्य के इस महायज्ञ में स्कूल परिवार और विद्यार्थियों के अलावा शहर के लोगों ने भी आहुतियां देकर इन 60 परिवारों के चेहरों पर मुस्कान एवं आशा की एक किरण जगाई। वक्ताओं ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद की सेवा करना ईश्वर भक्ति के समान है। लोगों को असहायों की मदद करने के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक अरुण कुमार सक्सेना, एसपी यातायात बीबी चौरसिया, डायल 112 प्रभारी इंस्पेक्टर जीसी शर्मा, सौरभ स्वरूप, विभोर सिंघल, राजकुमार जैन, डा. मणिमाला रावत, उज्ज्वल पुंडीर, ज्योतिषाचार्य संजय सक्सेना आदि उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या अलका जैन ने सभी का आभार जताया।