मुजफ्फरनगर। हाई ब्लडप्रेशर में दिल की धमनियों में रक्त का प्रवाह काफी तेज हो जाता है और यदि इसका समय से इलाज न किया जाए तो इससे हार्ट अटैक भी हो सकता है। वहीं, यह हृदय संबंधी कई रोगों का भी कारण बन सकता है।
शहर के आर्यसमाज रोड पर मंगलवार को हाई ब्लडप्रेशर को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें डॉ अर्जुन राज ने कहा कि हाई ब्लड प्रेशर की समस्या ठीक हो सकती है, यदि इसका समय से उपचार करा लिया जाए। हाईब्लड प्रेशर के मरीज को लगातार सिरदर्द व थकान होने, सीने में दर्द व सांस लेने में दिक्कत होने, दिल की धड़कनें अनियमित होने जैसी शिकायतें हो सकती हैं। यह बीमारी ऐसे लोगों में अधिक होती है, जो अत्यधिक तनाव लेते हैं। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हाईब्लड प्रेशर का इलाज भी घरेलू नुस्खों द्वारा किया जा सकता है। इसके लिए पीड़ित को अपने खान-पान में फल-सब्जी का अधिक सेवन करना चाहिए। नियमित रूप से दवाई लेनी चाहिए और नियमित रूप से टहलना भी चाहिए। कार्यशाला में ब्लडप्रेशर की बीमारी से पीड़ित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें दवाइयां भी वितरित की गईं।