महिला उत्पीड़न के विरोध में पैदल यात्रा में शामिल होती हुईं इनरव्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरनगर की सदस्
मुजफ्फरनगर। इनरव्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरनगर की महिला सदस्यों ने ऑरेंज द वर्ल्ड थीम के साथ पैदल यात्रा का आयोजन किया। उन्होंने महिला उत्पीड़न और हिंसा के विरोध में नारे लगाकर संदेश दिया कि महिलाएं खामोशी तोड़ेंगी तभी उत्पीड़न रुकेगा। इस दौरान महिलाओं ने नारंगी और सफेद वेशभूषा धारण कर नई क्रांति का आह्वान किया।
पैदल यात्रा की शुरुआत परिक्रमा मार्ग स्थित न्यू हॉराइजन पब्लिक स्कूल परिसर से हुई। महिलाओं के साथ छात्राओं की टोली ने भी भाग लिया। यात्रा सर्कुलर रोड से होते हुए महावीर चौक, आर्य समाज रोड से होते हुए विद्यालय परिसर पर संपन्न हुई। विद्यालय में महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के समर्थन में विचार व्यक्त किए गए
क्लब की मंडल अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में महिलाओं के साथ हिंसा होने का सबसे बड़ा कारण उनकी चुप्पी है। वह परिवार, समाज और बच्चों के कारण घरेलू हिंसा का शिकार होने के लिए मजबूूर हो जाती हैं। इनरव्हील क्लब महिलाओं को जागरूक करने के लिए यह विशेष अभियान चला रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर यह मुहिम चलाई जा रही है। क्लब अध्यक्ष नीलिमा शर्मा और सचिव भावना सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा पर रोक लगाना, समाज में संवेदनशीलता उत्पन्न करना है।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल रहे। संयोजन प्रधानाचार्या मीनाक्षी मित्तल ने किया। कार्यक्रम में इनरव्हील क्लब पीडीसी संतोष शर्मा, आशा जैन और शाखा लोट्स, चैम्बर, विशाल, इरा और मैरीगोल्ड की सभी सदस्य शामिल हुईं।