मुजफ़फरनगर के खतौली में गांव भैंसी के पास दो बाइकों की भिड़ंत में घायल शिक्षक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नावला निवासी शिक्षक गगन पुत्र ब्रजेश्वर त्यागी अपने बहनोई के साथ शनिवार की शाम को बाइक पर बाजार से सामान खरीदने के लिए आया था। रात के करीब 8 बजे के करीब गगन अपने जीजा सौरभ के साथ सामान खरीदकर वापस बाइक पर गांव लौट रहे थे।
गांव भैंसी के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार दिल्ली निवासी अरुण ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिक्षक गगन व उसका बहनोई तथा बाइक सवार अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान शिक्षक गगन की मौत हो गई। जबकि चिकित्सकों ने बाकी दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। शिक्षक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते बिलखते हुए अस्पताल में पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को अपने कब्जे ले लिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की इच्छानुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
वहीं मोरना में ककरौली के गांव बेहड़ा सादात बस स्टैंड के समीप लखीराम का पुराना क्रेशर है। जिसको तोड़ने के लिए आधा दर्जन मजदूर कार्य कर रहे थे। इस दौरान अचानक भरभरा कर दीवार टूटकर गिर गई। जिसके मलबे के नीचे बेहड़ा सादात निवासी मजदूर पप्पू पुत्र श्रीपाल दब गया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर बाहर निकाला। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।