भोपा। भोपा पुलिस ने थाना के नंगला बुजुर्ग गंग नहर पुल के निकट सिंचाई विभाग के खंडहर पडे मकान में चल रही तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। लगभग दो दर्जन बने- अधबने तमंचों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज राय ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि नंगला बुजुर्ग गंग नहर पुल के निकट सिंचाई विभाग के खंडहर पड़े मकान में तमंचा फैक्टरी चलाई जा रही है। जौली चौकी प्रभारी एसआई संदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर छापे मारा, तो मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम दिलशाद उर्फ डब्बू निवासी खालापार मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस ने मौके से लगभग दो दर्जन बने अधबने तमंचों के साथ ही तमंचा बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं। आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। इससे पूर्व भी वह कई मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।