खतौली गंगनहर के निकट स्थित बने पन्नी के गोदाम में लगी आग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गोदाम में आग लगने से सामान जलकर राख
खतौली। गंगनहर पटरी मार्ग स्थित वाल्मीकि श्मशान घाट के निकट स्थित बोरी, कटटे व पन्नी के गोदाम में शनिवार देर रात आग लग गई। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा माल जलकर नष्ट हो चुका था।
कस्बा निवासी अनीस व सोनू पुराने बोरी, कट्टे व पन्नी साफ कर बेचने का काम करते हैं। दोनों साथियों का गंगनहर पटरी मार्ग पर वाल्मीकि श्मशान घाट के निकट गोदाम है। शनिवार देर रात दो बजे अचानक इस गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। मोहल्ले के लोगों ने गोदाम मालिकों के साथ ही दमकल विभाग को सूचना देते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास किए, लेकिन आग लगातार विकराल रूप लेती गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा माल जलकर नष्ट हो चुका था। गोदाम मालिकों ने ठेकेदार पर आग लगवाने की आशंका जताई है। वहीं, मोहल्ले के लोगों का कहना था कि आग लगने की स्थिति में जिला मुख्यालय से दमकल की गाड़ी आती है। यदि दमकल कस्बे में होती तो आग पर समय से काबू पाया जा सकता था।