मुजफ्फरनगर। जनपद के 89 राजस्व ग्रामों की जीआईएस आधारित महायोजना तैयार कराई जाएगी, जिसके लिए एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीना की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है।
महायोजना 2031 की स्वीकृति के साथ ही मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण में 69 राजस्व ग्रामों को शामिल किया गया है जबकि खतौली महायोजना 2021 से प्रभावी है। जिसके तहत नगर पालिका खतौली एवं ग्रामीण क्षेत्र के 20 राजस्व ग्राम शामिल किये गए हैं। भारत सरकार की अमृत 2.0 योजना के तहत जीआईएस आधारित महायोजना की संरचना किये जाने के लिए एमडीए के अधिसूचित विकास क्षेत्र खतौली और बुढ़ाना क्षेत्र का चयन किया गया है। एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि जीआईएस आधारित महायोजना तैयार कराने के लिए कंसल्टेंट चयन एवं अनुश्रवण समिति का गठन किया गया है। जिसकी अध्यक्ष एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीना को बनाया गया है जबकि सदस्य के रूप में डीएम अथवा उनकी ओर से नामित अधिकारी, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक, प्राधिकरण के वित्त नियंत्रक, मुख्य अभियंता एवं मुख्य नगर नियोजक रहेंगे।