आगे बढ़ने के लिए बेटियों को शिक्षित होना जरूरी
मुजफ्फरनगर, शाहपुर। ग्राम आदमपुर में बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिलाओं को जागरूक किया गया। बेटियों को उनके अधिकार बताए गए। बेटियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए उनके शिक्षा पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य जांच एवं हीमोग्लोबिन की जांच भी की गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला एवं बाल संबंधी विभिन्न मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत निवासी बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया गया। ग्राम पंचायत में नवजात बालिकाओं को पोषण सामग्री एवं बेबी किट का वितरण किया गया। ग्राम पंचायत में बालिकाओं के नाम पर पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। गुड्डी-गुड्डा बोर्ड की स्थापना की गई। स्कूल से किशोरियों का चिह्निीकरण एवं उनकी शिक्षा हेतु प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। छह बालिकाएं चिह्नित कर उनके स्कूल में प्रवेश कराने की कार्यवाही की जा रही है। बालिकाओं को पुस्तकें वितरित की गई। बेटियों के नाम पर 10 घरों के द्वार पर नेम प्लेट लगाकर ग्रामीणों को इसके लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिका सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्कूल के प्रधानाध्यापक, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा, सहायक विकास अधिकारी कृषि, महिला कल्याण अधिकारी शिवांगी, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी हेमलता, स्टॉफ नर्स सुषमा एवं प्रोबेशन कार्यालय का स्टॉफ उपस्थित रहा। आयोजन में इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के डॉ राजीव कुमार तथा उनकी टीम एवं ह्यूमिनिटी वेलफेयर सोसायटी के शाहवेज भी मौजूद रहे।