मुजफ्फरनगर। डीएम ने बताया कि जिले में सोमवार से 26 जनवरी तक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सप्ताह मनाया जा रहा है। डीएम ने कलक्ट्रेट में बैठक लेकर पूरे सप्ताह जनपद में किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर सभी संबंधित विभागों को उसके अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि जनपद के सभी नौ विकास खंडों में संबंधित खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लॉक बाल संरक्षण समिति, ब्लाक टॉस्क फोर्स की बैठक भी आयोजित हुई। बैठक के पश्चात बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं बालिका सुरक्षा की शपथ ली गई तथा हस्ताक्षर अभियान के तहत हस्ताक्षर किए गए। डीएम ने बताया कि मंगलवार को भी विभिन्न कार्यक्रम जनपद में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मुकीम अहमद , स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा विभाग समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।