मंसूरपुर। गांव संधावली में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बालिका की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने घंटों हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चालक और ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गांव संधावली में 10 वर्षीय बालिका इशिका पुत्री सुभाष अपने चाचा के घर से गली से होकर अपने घर जा रही थी। तभी तेज गति से लकड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बालिका को कुचल दिया। इशिका की मौत पर परिजनों द्वारा ग्रामीणों में रोष फैल गया। गली में बालिका का शव रखकर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक तथा ट्रैक्टर वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का कहना था कि मिट्टी तथा रोड़ी, रेत से भरे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली गांव की गलियों से नहीं जाने चाहिए। सीओ खतौली आरके सिंह तथा मंसूरपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। पिता सुभाष की तहरीर पर चालक विनोद और ट्रैक्टर मालिक कल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।