बरिलसी क्षेत्र में केंद्रों पर घटतौली चेक करते डीसीओ आरडी द्विवेदी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। जिला गन्ना अधिकारी डा. आरडी द्विवेदी ने चरथावल क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों के निरीक्षण किया। उन्होंने बिरालसी में बजाज मिल के केंद्र पर घटतौली पकड़ी और संबंधित लिपिक को आडे़ हाथों लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी लिपिक का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है और मिल अध्यासी को नोटिस भेजा जा रहा है।
शनिवार दोपहर बाद डीसीओ आरडी द्विवेदी और खांडसारी अधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने लुहारी खुर्द, चरथावल द्वितीय, बिरालसी में देवबंद और बजाज मिल के केंद्र, बलवाखेड़ी और टांडा मेें केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सभी केंद्रों पर किसानों की समस्याएं सुनी और तौल का अवलोकन किया। बिरालसी में बजाज मिल के चतुर्थ केंद्र पर किसान जसवीर बुग्गी तुलवाने पहुंचा, तो 40 किग्रा का अंतर आया। घटतौली पर अधिकारियों ने लिपिक को जमकर हड़काया। चरथावल केंद्र पर किसान अमरीश त्यागी, दिनेश कुमार, कूक्कू, तनवीर आदि ने बताया कि विभाग द्वारा पहली बार एसएमएस से जारी पर्चियों से उन्हें सहूलियत मिली है और गन्ना माफियाओं पर अंकुश लगा है। डीसीओ ने बताया कि घटतौली पकड़े गए केंद्र लिपिक का लाइसेंस निलबित करने की कार्रवाई की जा रही है। मिल अध्यासी लिपिक को जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से नोटिस भेजा जाएगा। जवाब आने के बाद अग्रिम आगे की कार्रवाई होगी।